रांची. बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. झारखंड हाइकोर्ट ने लालू प्रसाद समेत 6 लोगों को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने को कहा है. यह जवाब सीबीआई की सजा बढ़ाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर मांगा गया है. सोमवार को सीबीआई का पक्ष सुनने के बाद हाईकोर्ट ने लालू प्रसाद समेत सभी 6 प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया है. देवघर कोषागार मामले में लालू प्रसाद को सीबीआई कोर्ट से साढ़े तीन साल की सजा सुनाई गई है. सीबीआई ने इस सजा को बढ़ाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.

सीबीआई ने की सात साल सजा की मांग

सीबीआई ने याचिका के माध्यम से बताया कि लालू प्रसाद समेत सभी 6 लोगों पर हायर कॉन्सपिरेसी का आरोप था. लेकिन सजा सिर्फ साढ़े तीन साल की मिली, जो उचित नहीं है. इस आरोप में केवल जगदीश शर्मा को ही सात साल की सजा दी गई. सीबीआई ने मांग की है कि बाकी 6 लोगों को भी अधिकतम सात साल की सजा होनी चाहिए.

सीबीआई वकील राजीव नंदन प्रसाद ने कहा कि सीबीआई की याचिका पर कोर्ट ने लालू प्रसाद समेत 6 सजायाफ्ता को नोटिस जारी किया है. उनकी तरफ से जवाब मिलने के बाद इस पर आगे की सुनवाई होगी.

रिम्स में सजा काट रहे हैं लालू प्रसाद 

इस मामले में लालू प्रसाद, बेक जुलियस, आरके राणा, अधीपचंद्र चौधरी समेत 6 लोगों को सीबीआई कोर्ट ने मात्र साढ़े तीन साल की सजा सुनाई थी. फिलहाल लालू प्रसाद रांची के रिम्स में सजा काट रहे हैं. उन्हें किडनी समेत कई तरह की बीमारियां हैं. हालांकि पिछले दिनों डॉक्टर ने कहा कि किडनी से जुड़ी उनकी समस्या में सुधार हो रहा है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours