गोड्डा. आजादी के 72 साल बाद आखिरकार मंगलवार को गोड्डा (Godda) जिलावासियों का रेल का सपना पूरा हो गया. नई दिल्ली से रेल मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पोड़ैयाहाट (Poreyahat) स्टेशन से पोड़ैयाहाट-दुमका-जसीडीह ट्रेन को रवाना किया. वहीं, स्टेशन पर मौजूद सांसद निशिकांत दुबे (Nishikant Dubey), उपायुक्त किरण कुमारी पासी, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र बर्णवाल, प्रशिक्षु आईएएस ऋतुराज ने संयुक्त रूप से ट्रेन को झंडी दिखाई. वहीं, पोड़ैयाहाट रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लगा रहा. लोग रेल के आने का इंतजार करते नजर आए.

इस मौके पर सांसद निशिकांत दुबे ने कहा- 'मैं निशब्द हूं. बाबा बैद्यनाथ की कृपा से बाकी बचे हुए गोड्डा तक और गोड्डा से पीरपैंती तक की रेल परियोजना जरूर पूरी होगी.'

इस नई रेल सेवा को शुरू किए जाने पर मालदा मंडल के डीआरएम पी के मिश्रा भी काफी खुश नजर आए. साथ ही उन्होंने कहा कि गोड्डावासी किस्मत वाले हैं जो निशिकांत दुबे जैसे सांसद मिला. वहीं, उपायुक्त किरण पासी ने बाकी बची हुई परियोजना के काम में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया.

हंसडीहा से पोड़ैयाहाट रेललाइन शुरू

बता दें कि ब्रॉड गेज हंसडीहा से गोड्डा तक की रेल परियोजना की शुरुआत गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के प्रयास के बाद 2011-12 में स्वीकृति मिली. 542.18 करोड़ की लागत से बनने वाली 32.45 किलोमीटर इस रेल परियोजना को दो भागों में बांटा गया. जिसमें पहले चरण में हंसडीहा से पोड़ैयाहाट तक 15.32 किलोमीटर के लिए 2016 में 415 करोड़ मिली. इस पूरी परियोजना में आधी राशि राज्य और बाकी आधी राशि केंद्र से मिल रही है. पहले चरण के इस लाइन का काम 18 अक्टूबर 2016 में शुरू हुआ और आज इसका उद्घाटन हुआ. हंसडीहा से पोड़ैयाहाट तक 15 किलोमीटर की दूरी में तीन ऊंचे-ऊचे पुल, 12 छोटे पुल और 14 आरओबी बनाने के बाद पहले चरण का काम पूरा हुआ. अब दूसरे चरण में पोड़ैयाहाट से लेकर गोड्डा तक 17.12 किलोमीटर का काम अगले साल फरवरी तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours