रांची. झारखंड की राजधानी रांची में भाई की मौत के बाद छुट्टी न मिलने से परेशान एक जवान ने गुरुवार की रात सार्जेंट मेजर के ऑफिस में गोली चला दी. जवान ने इस दौरान छह राउंड फायरिंग की. जवान का नाम सुधीर खाखा है. बताया जा रहा है कि जिस समय सुधीर ने फायरिंग की उस वक्त सार्जेंट मेजर अपने ऑफिस में मौजूद नहीं थे. फायरिंग के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने सुधीर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की. उसके बाद उसका सदर अस्पताल में मेडिकल कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई.
पुलिस लाइन में फायरिंग से मची अफरा-तफरी
पुलिस लाइन में तैनात जवानों का कहना था कि जवान सुधीर खाखा के भाई की 10 दिन पहले मौत हो गई थी. इसलिए वह छुट्टी चाहता था, लेकिन सार्जेंट मेजर सुबोध ने उसकी नहीं सुनी. उल्टे बदसलूकी करते हुए उसे अपने दफ्तर से भगा दिया, उसके बाद से सुधीर गुस्से में था. गुरुवार रात वह शराब पीकर सार्जेंट मेजर के ऑफिस पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी. वहीं गोली चलने की घटना के बाद पुलिस एसोसिएशन के कुछ सदस्य देर रात पुलिस लाइन पहुंचे और पूछताछ की. एसएसपी अनीश गुप्ता ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. जवान ने किस परिस्थितियों में गोली चलाई इसका पता लगाया जा रहा है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours