रांची। आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ाव रखने वाले तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को सरकार अब सप्ताह में छह दिन तीन वक्त का पूरक पोषाहार उपलब्ध कराएगी। नाश्ता के तौर बच्चों को सुबह में सूजी का हलवा, इसके लगभग दो घंटे बाद मूंगफली और गुड़, जबकि मध्याह्न भोजन के तौर पर चावल, दाल, आलू और हरी सब्जियां परोसी जाएंगी। राज्य मंत्रिपरिषद ने शुक्रवार को यह फैसला लिया है। कैबिनेट ने इस दिन विभिन्न विभागों के कुल 30 प्रस्तावों को स्वीकृति दी।    

सरकार इसी कड़ी में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यकों को सशर्त ऋण उपलब्ध कराएगी। संबंधित वर्गों के  सहकारी वित्त एवं विकास निगम से ऋण लेने वाले लाभुक अगर कुल राशि का 75 फीसद हिस्सा ससमय वापस कर देंगे तो सरकार शेष 25 फीसद राशि माफ कर देगी। कैबिनेट ने इसी तरह  पंचायत और प्रखंड स्तर पर मौजूद फुटबॉल मैदानों के उन्नयन पर अपनी सहमति दी है। यह कार्य कमल क्लब के माध्यम से हो। इस मद मेें सरकार ने पंचायतों के लिए पांच करोड़ तथा प्रखंड स्तर के मैदानों के लिए 13 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसके तहत गोल पोस्ट, चेंजिंग रूम, मैदान की मेड़बंदी, समतलीकरण आदि कार्य होगा। पूरा स्ट्रक्चर बांस का होगा।

कैबिनेट ने एक अन्य महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक मामले तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत 400 छात्रों को देश के नामीगिरामी संस्थानों से इंजीनियरिंग और मेडिकल की कोचिंग कराने का फैसला लिया है। बच्चों का चयन प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर होगा। नौवीं से 12वीं तक प्रत्येक कक्षा से 100-100 विद्यार्थियों का चयन इस योजना के तहत होगा। बताते चलें कि विभाग स्तर से संचालित 69 उच्च तथा प्लस टू विद्यालयों में कुल 58 सौ बच्चे अध्ययनरत हैं।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours