रांची. हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे (Results) से जेएमएम में खुशी है. जेएमएम कार्यालय में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाई खिलाते नजर आए. पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि ये नतीजे लोकतंत्र की निरंकुशता पर अंकुश लगाने वाला है. जेएमएम में इस बात की खुशी है कि बीजेपी ने जो टारगेट सेट किया था, वह उससे काफी पीछे रह गयी.
जेएमएम महासचिव ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के 65 प्लस के लक्ष्य पर तंज कसते हुए कहा कि जनता बीजेपी को तड़ीपार करने वाली है. महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान जन मुद्दे गायब थे. अभद्र भाषा का बीजेपी ने धड़ल्ले से इस्तेमाल किया. इस वजह से पार्टी को इस तरह के परिणाम देखने को मिले हैं.
जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमन्त सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र में भाजपा के धनतंत्र और प्रचारतंत्र पर जनतंत्र भारी पड़ा. यही जनतंत्र झारखंड में आगामी चुनाव में सूबेवासियों को सबसे बड़ा उपहार देगा.
उधर, महाराष्ट्र और बिहार में मिली जीत पर धनबाद में ऑल इंडिया मजलिसे -ए -इतेहादुल -मुस्ल्मीन (एआईएमआईएम) कार्यालय में मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया. बिहार में एआईएमआईएम का पहली बार खाता खुला है. प्रदेश अध्यक्ष हुबान मल्लिक ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव के नतीजे का असर झारखंड में भी पड़ेगा. अब समय आ गया है कि एनडीए को हराने के लिए सभी सेकुलर पार्टियां मिलकर झारखंड विधानसभा चुनाव लड़े. वह भी महागठबंधन का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं. लेकिन इसके लिए पहल बड़ी पार्टियां जेएमएम और कांग्रेस को करनी होगी. बतौर हुबान एआईएमआईएम झारखंड में 81 सीट में से 25 से 27 सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है. बिहार के बाद अब झारखंड में भी खाता खोलने की तैयारी में है.
बता दें कि हरियाणा में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. हालांकि बहुमत से पीछे है. जबकि महाराष्ट्र में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन को बहुमत मिल गया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours