रांची। पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन और उनके परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा अवैध तरीके से सीएनटी एक्ट के दायरे में आने वाली जमीन की खरीदारी के मामले की अब जांच होगी। भाजपा के राज्यसभा सदस्य समीर उरांव समेत अन्य नेताओं की ओर से दिए गए शिकायती पत्र के आलोक में मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग को कार्रवाई के लिए निर्देश दिया है। इसके बाद रांची, धनबाद और बोकारो के उपायुक्तों से रिपोर्ट तलब की गई है।
ज्ञात हो कि सांसद समीर उरांव के नेतृत्व में भाजपा नेताओं विधायक रामकुमार पाहन, उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा और दीपक प्रकाश ने मुख्य सचिव से 21 अक्टूबर को मिलकर आरोप लगाया था कि सोरेन परिवार के सदस्यों ने अलग-अलग पता बताकर सीएनटी एक्ट का उल्लंघन करते हुए जमीन की खरीदारी की है। मुख्य सचिव के निर्देश पर 22 अक्टूबर को भू राजस्व विभाग ने तीनों जिलों के उपायुक्त को जांच का निर्देश दिया है।
इसके पूर्व मई 2019 में विधायक रामकुमार पाहन ने रांची के अरगोड़ा मौजा से संबंधित एक मामले में जांच कराने का अनुरोध किया था। इस पर महाधिवक्ता से परामर्श लिया गया और उन्होंने दक्षिणी छोटानागपुर के आयुक्त से कार्रवाई के लिए अनुरोध किया गया था। इस मामले की जांच अभी चल ही रही है। इसी बीच, 21 अक्टूबर को भाजपा नेताओं ने आवेदन देकर धनबाद और बोकारो के मामलों की भी जांच कराने का अनुरोध किया। ज्ञापन में अरगोड़ा की जमीन पर विधिक परामर्श की जानकारी भी दी गई है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours