रांची। एनडीए गठबंधन टूटने के बाद अब चुनाव में भाजपा और आजसू की राहें जुदा-जुदा हो गई हैं, लेकिन इसके बावजूद भाजपा ने आजसू प्रमुख सुदेश महतो से दोस्ती निभाई है। बुधवार को पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की पांचवीं और अंतिम सूची जारी कर दी है। इसमें सुदेश की सिल्ली छोड़कर शेष बची सभी सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। कांके विधायक जीतू चरण राम का टिकट काटकर समरी लाल को प्रत्याशी बनाया है।

जीतू चरण को मिला दें तो इस चुनाव में पार्टी से बेटिकट किए गए मौजूदा विधायकों की संख्या अब बढ़कर 13 हो गई है। आठ प्रत्याशियों की इस सूची में सरयू राय की पुरानी सीट जमशेदपुर पश्चिम का भी जिक्र है, जहां से भाजपा प्रत्याशी के रूप में देवेंद्र सिंह 18 नवंबर को ही नामांकन कर चुके हैं। बता दें कि आजसू से अलग होने के बाद भाजपा ने कुल 79 सीटों पर अपने अधिकृत प्रत्याशियों को उतारा दिया है। हुसैनाबाद से भाजपा समर्थित उम्मीदवार मैदान में है जबकि सिल्ली से पार्टी ने किसी को टिकट नहीं दिया है।

कहां से किसको मिला टिकट

विधानसभा         नाम

कांके                समरी लाल
जमशेदपुर पश्चिम    देवेंद्र सिंह
टुंडी                  विक्रम पांडेय
गोमिया              लक्ष्मण नायक
डुमरी                प्रदीप साहू
रामगढ़              रणंजय कुमार (कुंटू बाबू)
बड़कागांव           लोकनाथ महतो
पाकुड़            बेनी प्रसाद गुप्ता
भाजपा ने अपने इन 12 विधायकों के काटे टिकट

जीतू चरण राम (कांके), मंत्री सरयू राय (जमशेदपुर पश्चिम), गंगोत्री कुजूर (मांडर), ताला मरांडी (बोरियो), गणेश गंझू (सिमरिया), जय प्रकाश सिंह भोक्ता (चतरा), फूल चंद मंडल (सिंदरी), लक्ष्मण टूडू (घाटशिला), शिवशंकर उरांव (गुमला), विमला प्रधान (सिमडेगा), हरिकृष्ण सिंह (मनिका), राधाकृष्ण किशोर (छतरपुर)। झरिया विधायक संजीव सिंह की जगह उनकी पत्नी रागिनी सिंह को टिकट दिया गया है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours