रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव  के लिए कांग्रेस ने रविवार को तीन उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट जारी की है. ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी की गई लिस्ट के मुताबिक कांके (सुरक्षित) से राजीव कुमार की जगह सुरेश बैठा  को उम्मीदवार बनाया गया है. जगनाथपुर विधानसभा सीट से सोना राम सिंकू चुनाव लड़ेंगे. वहीं, मंदार से सन्नी टोप्पो को टिकट दिया गया है. अभी तक कांग्रेस ने 29 उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है.

उल्लेखनीय है कि झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में मतदान होगा. मतगणना 23 दिसंबर को होगी.

इससे पहले, शनिवार को कांग्रेस दो उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी. हाई प्रोफाइल जमशेदपुर पूर्वी  सीट से मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ कांग्रेस ने तेज-तर्रार प्रवक्ता गौरव वल्लभ को टिकट दिया है. ममता देवी को पार्टी ने रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है.

कांग्रेस ने झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और आरजेडी के साथ चुनावी गठबंधन किया है. गठबंधन का नेता झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को बनाया गया है. गठबंधन में हुए सीटों के बंटवारे के तहत कांग्रेस 31, झामुमो 43 और आरजेडी 7 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours