रांची । विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशियों की सूची का इंतजार एक दिन और बढ़ गया है। उम्मीदवारों की पहली लिस्ट अब रविवार को जारी होने की बात कही जा रही है। शनिवार शाम प्रधानमंत्री आवास पर हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक ने तैयार पैनल पर अपनी सहमति जता दी है, लेकिन घोषणा से परहेज किया गया है। विपक्षी दलों के रुख के साथ-साथ आजसू से रिश्तों को भी इसकी वजह बताया जा रहा है।

इधर, मुख्यमंत्री रघुवर दास प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा के साथ शनिवार को वापस दिल्ली लौटे। प्रदेश की कोर टीम की पीएम आवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ शाम साढ़े छह बजे बैठक हुई। केंद्रीय चुनाव समिति ने प्रदेश की कोर टीम पर भरोसा जताते हुए तय किए गए पैनल को मंजूरी भी दे दी। लेकिन घोषणा के लिए रविवार का दिन तय किया।

बताया जा रहा है कि फिलहाल भाजपा पहले और दूसरे चरण के लिए होने वाले चुनाव के लिए ही प्रत्याशियों की सूची जारी करेगा। आजसू के सीटों को लेकर हुए टकराव के बाद सूची जारी करने से पूर्व तक उसके रुख का इंतजार किया जाएगा। शनिवार को विधानसभा चुनाव के प्रभारी ओम माथुर के साथ आजसू प्रमुख सुदेश महतो की दो टूक बातचीत हो चुकी है। हालांकि बातचीत को कोई मुकाम नहीं मिला।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours