आरएसएस के वरिष्ठ नेता सुरेश भैय्याजी जोशी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण इस्लाम के खिलाफ लड़ाई नहीं बल्कि गौरव, आत्मसम्मान और ‘उत्पीड़न तथा गुलामी के प्रतीक को नष्ट करने’ से जुड़ा मामला है.
भैय्याजी जोशी कोलकाता में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने पूछा, ‘हमारे देश में राम मंदिर की कोई कमी है क्या? जवाब है ‘नहीं’. अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का मुद्दा महज एक मंदिर बनाने का, एक भूखंड का मामला नहीं है. यह हमारे गौरव, आत्मसम्मान और गुलामी के प्रतीक को नष्ट करने का मामला है.’ उन्होंने कहा, ‘यह इस्लाम के खिलाफ लड़ाई नहीं बल्कि राष्ट्रवाद का मामला है.’
जोशी ने कहा कि जब देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों की तादाद में कार सेवक अयोध्या जा रहे थे तब रास्ते में आने वाले किसी भी इस्लामिक धार्मिक स्थल की ओर एक पत्थर भी नहीं उछाला गया. उन्होंने कहा, ‘यह है भारत. यह है हिंदू समाज.’
जोशी ने कहा कि बड़े देशों के हाथों दमन का सामना कर रहे छोटे देश भारत की ओर इस उम्मीद से देख रहे हैं कि वह उन्हें राह दिखाए.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours