देशभर में 69वें गणतंत्र दिवस का जश्न धूमधाम से मनाया जा रहा है और बॉलीवुड सितारे भी देशवासियों को इस राष्ट्रीय त्योहार की शुभकामनाएं दे रहे हैं. बॉलीवुड हस्तियों ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स से अपने चाहने वालों और पूरे देश को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं.

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने ट्विटर हैंडल से लोगों को बताया कि वह दिल्ली की परेड में मौजूद हैं, अपने दिल्ली के समय को याद करते हुए अमिताभ ने लिखा कि वो परेड के लिए सीट हासिल करने की जद्दोजहद में रहते थे. अमिताभ, जो आज दिल्ली में राजपथ पर होने वाली राष्ट्रीय परेड को प्रत्यक्ष तौर पर देख रहे थे, सेना के मार्च को देख कर भावुक हो गए और उन्होने ट्विटर पर अपने फैन्स के साथ ये बात साझा भी की.

हाल ही में अपनी विवादित फिल्म पद्मावत को लेकर सुर्खियों में रहे अभिनेता रणवीर सिंह ने भी ट्विटर पर तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर साझा की और लोगों के साथ अपनी खुशी ज़ाहिर की. रणवीर ने कहा कि वो अपनी फिल्म को मिल रहे प्यार से बहुत खुश हैं.
अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा, जो इन दिनों अपनी सीक्रेट सर्विसेस पर बनी फिल्म अय्यारी को प्रमोट कर रहे हैं, बीएसएफ के साथ अपना एक वीडियो साझा किया. सिद्धार्थ अमृतसर बॉर्डर पर अपनी फिल्म की टीम के साथ थे और पाकिस्तानी बॉर्डर देखने जा रहे थे. अगले हफ़्ते रिलीज़ होने वाली उनकी फिल्म की स्टारकास्ट के साथी मनोज वाजपेयी और रकुलप्रीत भी इस वीडियो में उनके साथ थे.

सिद्धार्थ ने यह वीडयो साझा किया जिसमें उनके एक तरफ अमृतसर है और दूसरी तरफ लाहौर और वो खुद बीएसएफ के साथ पैट्रोलिंग लाइन पर घूम रहे हैं.
अभिनेता सलमान खान ने भी अपने फैन्स के साथ गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं साझा की लेकिन साथ में अपने कपड़ों के ब्रांड 'बीइंग ह्युमन' की सेल का ज़िक्र भी कर दिया. सलमान ने बताया कि उनके ब्रांड पर 28 तारीख तक 50% की छूट है.

आमिर या शाहरुख या दीपिका की ओर से गणतंत्र की कोई बधाई खबर लिखे जाने तक नहीं आई थी, आई होती तो हम लिखते ज़रुर, फिलहाल आप सभी पाठकों को भी गणतंत्र की शुभकामनाएं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours