दिल्ली में वायुसेना के मुख्यालय में तैनात एक ग्रुप कैप्टन को कथित तौर पर जासूसी के आरोप में हिरासत में लिया गया है. इस ग्रुप कैप्टन पर आरोप है  कि उसने संवेदनशील दस्तोवेजों को हासिल करने की कोशिश की.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जांचकर्ता ये भी जांच कर रहे हैं कि क्या अधिकारी हनीट्रैप का शिकार हुए हैं? शक है कि वो वॉट्सऐप के जरिए किसी महिला को गोपनीय दस्तावेजों की तस्वीरें भेज रहे थे. सूत्रों ने बताया कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या वो पाकिस्तान से चलाए जा रहे किसी बड़े जासूसी गिरोह का हिस्सा हैं.

सूत्रों ने बताया कि अधिकारी अनाधिकृत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से कुछ अवांछित गतिविधियों  में संलिप्त थे. ये उपकरण प्रतिबंधित हैं. माना जा रहा है कि ये अधिकारी सोशल मीडिया के ज़रिए एक महिला के संपर्क में थे जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. सूत्रों ने बताया कि भारतीय वायुसेना की केंद्रीय सुरक्षा और जांच की एक टीम ने अधिकारी को हिरासत में लिया और अभी उनसे पूछताछ चल रही है. उन्होंने बताया कि अधिकारी संवेदनशील दस्तावेजों को हासिल करने का प्रयास कर रहे थे.

वायुसेना ने आधिकारिक तौर पर इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है. सूत्रों ने कहा कि अधिकारी की पहचान गुप्त रखी गई है क्योंकि मामले की जांच जारी है. जांचकर्ता ये भी पता लगा रहे हैं कि अधिकारी ने संवेदनशील सूचनाएं किसी को भेजी तो नहीं हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours