केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने संघर्ष विराम का बार-बार उल्लंघन किए जाने को लेकर मंगलवार को पाकिस्तान पर निशाना साधा और कहा कि इस्लामाबाद को भारत की शालीनता को गलत ढंग से नहीं लेना चाहिए.

जम्मू-कश्मीर की सीमा पर पाकिस्तानी गोलीबारी पिछले कुछ हफ्तों में बढ़ गई है. राज्य पुलिस के अनुसार 18 जनवरी से हुए संघर्ष विराम के उल्लंघन में सीमावर्ती इलाकों में 14 लोगों की मौत हो चुकी है. पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को राजौरी जिले में मोर्टार दागे और गोलीबारी की. इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

सिंह ने कहा, ‘‘ तीन-चार दिनों पहले पाकिस्तान रेंजर्स ने हमारे बीएसएफ के महानिदेशक के साथ फ्लैग मीटिंग की. रेंजर्स ने भरोसा दिया था कि संघर्ष विराम का उल्लंघन नहीं होगा. इसके बावजूद वह संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सिर्फ यह कहना चाहता हूं कि हमारी विन्रमता और शालीनता की सीमा है और हम सभी पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बरकरार रखना चाहते हैं. भारत अब कमजोर देश नहीं है. भारत अब एक शक्तिशाली देश बन चुका है.’’
उधर, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पंजाब सरकार की तारीफ की. पंजाब पुलिस ने पिछले सप्ताह दो वांछित अपराधियों विकी गोंडर और उसके साथी प्रेम लोहिया को मार गिराया.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours