भारतीय स्पिन जोड़ी के कमाल से भारत ने दक्षिण अफ्रीका को लगातार दूसरे वनडे में हराकर 6 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली. युजवेंद्र चहल ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और कलाईयों के दूसरे गेंदबाज कुलदीप यादव के सहयोग से फिर से दक्षिण अफ्रीका पर कहर बरपाया. इस प्रदर्शन के बूते भारत ने दूसरे वनडे में नौ विकेट से बड़ी जीत दर्ज की. चहल ने 22 रन देकर पांच विकेट लिये जबकि कुलदीप ने 20 रन देकर तीन विकेट चटकाये जिससे दक्षिण अफ्रीकी टीम अपनी सरजमीं पर अब तक के अपने सबसे न्यूनतम स्कोर 118 रन पर आउट हो गयी. भारत ने केवल 20.3 ओवर में एक विकेट पर 119 रन बनाकर छह मैचों की श्रृंखला में 2-0 से बढ़त बनायी.
भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (नाबाद 51) और कप्तान विराट कोहली (नाबाद 46) ने दूसरे विकेट के लिये 93 रन की अटूट साझेदारी की. दक्षिण अफ्रीकी पारी जल्द समाप्त होने के कारण भारत को तुरंत ही अपनी पारी शुरू करनी पड़ी. लेकिन तब अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गयी जब अंपायरों ने नियमों के अधीन उस समय लंच घोषित कर दिया जब भारतीय टीम लक्ष्य से केवल दो रन दूर थी.
अनुभवी एबी डिविलियर्स और कप्तान फाफ डुप्लेसिस के चोटिल होने से पंगु बनी दक्षिण अफ्रीकी टीम के पांच बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे लेकिन कोई भी 25 से अधिक रन नहीं बना पाया. दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी छह विकेट 19 रन के अंदर गंवाये. इससे पहले उसका अपनी धरती पर न्यूनतम स्कोर 119 रन था जो उसने इंग्लैंड के खिलाफ 2009 में पोर्ट एलिजाबेथ में बनाया था. यह इस मैदान पर किसी भी टीम का न्यूनतम स्कोर है. इससे पहले जिम्बाब्वे ने 2009 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यहां 119 रन बनाये थे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours