4 साल पहले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में प्रीति ज़िंटा और उनके पूर्व प्रेमी रहे बिज़नेसमैन नेस वाडिया के बीच हुई झड़प के बाद प्रीति ने मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में नेस के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी थी. अब इस मामले में मुंबई पुलिस ने नेस वाडिया के खिलाफ़ चार्जशीट दाखिल कर दी है.

30 मई 2014 को मुंबई में किंग्स इलेवन पंजाब और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच आईपीएल का एक जबर्दस्त मैच हुआ था और इसी मुकाबले के दौरान की यह घटना है. प्रीति की शिकायत के अनुसार नेस उस रात टीम के कुछ सदस्यों पर चिल्ला रहे थे और जब प्रीति ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो नेस ने प्रीति का हाथ मरोड़ दिया, जिससे उन्हें चोट भी आई.

नेस वाडिया और प्रीति ज़िंटा किंग्स इलेवन पंजाब के मालिकाना हक साझा करते हैं और किसी समय में दोनों के बीच करीबी संबंध भी रहे हैं लेकिन इस वाकये के बाद उनके रिश्ते में खासा खटास आ गई है. नेस इस शिकायत के बाद 20 हज़ार के बॉन्ड पर गिरफ्तारी से दूर रहे हैं. लेकिन अब चार साल बाद इस मामले में मुंबई पुलिस की ओर से इस मामले में एक चार्जशीट दाखिल कर दी गई है.

इस चार्जशीट के अनुसार, नेस पर आईपीसी कोड की धारा 354 (सरकारी अफसर को उसकी ड्यूटी से रोकना), 506 (आपराधिक प्रवृति वाली धमकी) और 509 (किसी महिला की अस्मिता का हनन करने वाले शब्द या हरकतों का इस्तेमाल) के तहत मामला बनाया गया है.
इस मामले में प्रीति की ओर से कई लोगों ने गवाही दी है और प्रीति के पति जीन गुडइनफ ने भी इस घटना का चश्मदीद होने का दावा करते हैं और उनके अनुसार नेस ने उस दिन प्रीति के साथ झड़प की थी.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार इस मामले की जड़ में सीटों को लेकर हुआ विवाद है. नेस वाडिया और प्रीति ज़िंटा स्टेडियम के एक खास हिस्से में सीटों को लेकर झगड़े. नेस का उस दिन जन्मदिन था और वो अपने साथियों को इस दौरान अपने आसपास रखना चाहते थे. वहीं प्रीति पहले से ही अपने दोस्तों के साथ कुछ सीट्स पर मौजूद थी, ऐसे में नेस को जगह न मिलने पर वो भड़के और इस मामले ने तूल पकड़ लिया.

प्रीति ज़िंटा इस मामले में अपना वीडियो बयान दर्ज करवा चुकी हैं और नेस वाडिया अपने उपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर चुके हैं लेकिन जितने लोग इस मामले में नेस के खिलाफ गवाही दे रहे हैं उससे लगता है कि इस मामले में अभिनेत्री प्रीति का पलड़ा भारी है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours