डरबन और सेंचुरियन में तिरंगा लहराने के बाद अब टीम इंडिया केपटाउन में जीत के इरादे से उतरेगी. केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा वनडे बुधवार शाम 4.30 बजे से होगा. इसमें कप्तान विराट कोहली के पास पूर्व कप्तान एम एस धोनी को पछाड़ने का एक सुनहरा मौका होगा. दरअसल भारतीय क्रिकेट इतिहास में कोई भी कप्तान द.अफ्रीका के खिलाफ उसकी सरजमीं पर लगातार 3 वनडे मैच नहीं जीत सका है. साल 2011 में एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार 2 मैच जीते थे और अब विराट कोहली भी मौजूदा सीरीज के पहले दो मैच जीत चुके हैं. जिस तरह से विराट सेना प्रदर्शन कर रही है, उसे देखकर ये लग रहा है कि उनके लिए इस सीरीज में लगातार तीसरी जीत हासिल करना मुश्किल नहीं होगा.
टीम इंडिया 'मस्त', साउथ अफ्रीका 'पस्त'
पहले दो वनडे मैचों में टीम इंडिया ने हर मोर्चे पर साउथ अफ्रीकी टीम को मात दी है. गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की फिरकी ने कहर ढाया है, वहीं बल्ले से कप्तान विराट कोहली रंग में दिख रहे हैं. पिछले मुकाबले में शिखर धवन ने भी नाबाद अर्धशतक लगाकर अपने फॉर्म में होना का सबूत दे दिया है. मेजबान टीम की बात करें तो उसके बल्लेबाज और गेंदबाज बिलकुल फॉर्म में नहीं हैं. साथ ही साउथ अफ्रीकी टीम चोट के चक्रव्यूह में फंसी हुई है. ए बी डिविलियर्स, कप्तान फाफ डु प्लेसी के बाद विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक भी चोटिल हो गए हैं, जिसका सीधा असर साउथ अफ्रीका के मनोबल पर पड़ने वाला है.
केपटाउन की पिच रिपोर्ट
केपटाउन की पिच तेज गेंदबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है. न्यूलैंड्स के मैदान पर गेंद काफी स्विंग होती है, जिसकी वजह से यहां बल्लेबाजी करना आसान नहीं होता. मौजूदा दौरे पर टीम इंडिया ने पहला टेस्ट मैच न्यूलैंड्स में ही खेला था और उसे 72 रनों की हार झेलनी पड़ी थी. तीसरे वनडे में भी केपटाउन के विकेट पर गेंद कुछ हरकत कर सकती है लेकिन टीम इंडिया जीत के रंग में है और ऐसा मुमकिन है कि वो बुधवार को होने वाले मैच में टेस्ट में मिली हार का बदला भी ले डाले.
क्या कहते हैं केपटाउन के आंकड़े?
केपटाउन में टीम इंडिया और द.अफ्रीका के बीच कुल 3 मैच खेले गए हैं, जिसमें से उसे एक मैच में जीत और 2 में हार का सामना करना पड़ा है. हालांकि आखिरी बार इस मैदान पर टीम इंडिया और द.अफ्रीका के बीच साल 2011 में भिड़ंत हुई थी जिसमें मेहमान टीम ने 2 विकेट से जीत दर्ज की थी.
प्लेइंग इलेवन में होगा बदलाव?
पहले दो मैचों में जीत दर्ज करने वाली टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में बदलाव होना मुश्किल है लेकिन विरोधी टीम के लाइन अप में जरूर बदलाव होगा. क्विंटन डी कॉक के चोटिल होने के बाद विकेटकीपर हेनरिच क्लासेन डेब्यू कर सकते हैं. वहीं सेंचुरियन की तेज पिच को देखते हुए मेजबान टीम स्पिनर इमरान ताहिर की जगह तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी को मौका दे सकती है.
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केदार जाधव, एम एस धोनी(विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल और जसप्रीत बुमराह.
द.अफ्रीका की संभावित प्लेइंग इलेवन- एडेन मार्करम, हाशिम आमला, जे पी ड्युमिनी, डेविड मिलर, खाया जोंडो, हेनरिच क्लासेन(विकेटकीपर), क्रिस मॉरिस, एंडिले फेहलुकवायो, मॉर्ने मॉर्कल, कागिसो रबाडा और लुंगी एन्गिडी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours