बॉलीवुड की सबसे पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी का शनिवार रात दुबई में निधन के बाद अब तक उनका शव परिवार को नहीं मिला है. कानूनी औपचारिकताओं के चलते ये देरी हुई है. हालांकि, शव का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है. जिसके बाद ये उम्मीद जताई जा रही है कि आज श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई पहुंच जाएगा, जहां उनकी अंतिम संस्कार होना है.
श्रीदेवी के पति बॉनी कपूर के प्रवक्ता ने भी रविवार देर रात इस संबंध में जानकारी साझा की. उन्होंने बताया है कि दिवंगत श्रीदेवी का शव सोमवार को भारत आ जाएगा.
वहीं, खलीज टाइम्स के अनुसार, 'पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन इसकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है.' सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद श्रीदेवी का शव उनके परिवार को सौंप दिया जाएगा. जिसके बाद मुंबई लाकर उनका अंतिम संस्कार होगा.
ये है पूरी प्रक्रिया
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद शव को वापस भेजने के लिए तैयार किया जाएगा. जिसमें करीब 90 मिनट का वक्त लगता है.
-पुलिस मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करेगी.
-दुबई में भारतीय कांसुलेट पासपोर्ट रद्द करेगा.
-इमिग्रेशन विभाग अपनी प्रक्रियाएं पूरी करेगा.
-सरकारी वकील शव सौंपने के लिए इजाजत देगा.
-प्राइवेट प्लेन के जरिए श्रीदेवी का शव भारत लाया जाएगा.
मुंबई में इंतजार
शनिवार रात से ही मुंबई में मौजूद श्रीदेवी के फैंस और तमाम बॉलीवुड कलाकार उनके अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं. रविवार दिनभर बॉनी कपूर के भाई अनिल कपूर के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा. बॉलीवुड से लेकर खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने अनिल के घर पहुंचकर परिवार के दुख-दर्द को बांटा. रविवार रात साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत भी मुंबई पहुंच गए.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours