मथरा में शनिवार को ‘अतुल्य ग्राम लोहवन’ में ‘फगुनोत्सव’ के शुभारंभ पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब ब्रज की होली को दुनिया में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी. उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन के लोगों को गर्व होना चाहिए कि उनके यहां का इतिहास 5000 साल पुराना है. ऐसा और कहीं नहीं है. इस मौके पर सीएम ने ढोल बजाकर ‘फगुनोत्सव’ की शुरूवात की. सीएम योगी ने कहा कि ब्रज क्षेत्र के महत्व को बनाए रखना है तो गो-पालन घर-घर में करने की प्रवृत्ति हमें डालनी पड़ेगी. हमारी सरकार गोसंवर्धन और गोसंरक्षण के लिए भरपूर सहयोग करेगी.
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि हम लोगों ने डेयरी के लिए पैसे की व्यवस्था की है और छाता की चीनी मिल के लिए भी कार्य योजना बना रहे हैं. उन्होंने कहा, ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन करके इस क्षेत्र के विकास को एक नई गति देने का कार्य किया है. इस बार बजट में 100 करोड़ रुपए की व्यवस्था इस क्षेत्र के विकास के लिए की गई है.
योगी ने कहा कि भगवान कृष्ण का जन्म और लीला बृज क्षेत्र में संपन्न हुई लेकिन गीता का अमर संदेश हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिया था, तो हरियाणा और यूपी का समन्वय हो और एक साथ विकास की प्रक्रिया बढ़ा सके इस दृष्टि से रंगोत्सव का कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण है. ब्रजक्षेत्र, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, गीतों, नृत्य व मुरली वीणा की भूमि है. भारतीय शास्त्रीय संगीत पर ब्रजक्षेत्र की संस्कृति का बहुत गहरा प्रभाव पड़ा है. इस दौरान मंच पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत योगी कैबिनेट के कई मंत्री मौजूद रहे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours