पीएनबी घोटाला मामले में सख्त कार्रवाई के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को खारिज करते हुए कांग्रेस सुप्रीमो राहुल गांधी ने उनसे पूछा कि पहले यह बताएं कि उनकी नाक के नीचे से पैसा कैसे बैंकों से ले जाया गया. राहुल ने चुनावी राज्य कर्नाटक में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘22,000 करोड़ रुपए का एक घोटाला हुआ, नीरव मोदी भारतीय बैंकों से 22,000 करोड़ रुपए लेकर भाग गया और मोदीजी कहते हैं कि कार्रवाई की जाएगी.’’

उन्होंने यह जानने की मांग की कि वित्त मंत्री और मोदी ने ‘‘ऐसा होने क्यों दिया’’? 11,400 करोड़ रुपए के घोटाले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए पीएम मोदी ने कल वित्तीय अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी और कहा था कि जनता के पैसे की लूट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

राहुल हालांकि दावा कर रहे हैं कि यह घोटाला 22,000 करोड़ रुपए का है. कांग्रेस प्रमुख कर्नाटक में अपने अभियान के दूसरे चरण में उत्तरी कर्नाटक के हिस्सों के दौरे पर हैं. यहां अप्रैल-मई में चुनाव होने की संभावना है.

अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री पर निशाना साधने के लिए राहुल ने आज 12वीं सदी के कर्नाटक के समाज सुधारक बसवेश्वरा का बार बार जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बसवेश्वरा ने पांच चीजें कही थीं-- ‘‘चोरी मत करो, हिंसा मत करो, झूठ मत बोलो, अपने बारे में शेखी मत बघारो और गुस्सा मत फैलाओ.’’
राहुल ने कहा ‘‘पहली थी कि चोरी मत करो. नरेंद्र मोदी कहते हैं कि कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी भ्रष्ट है. जबकि उनके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार येदियुरप्पा जेल जा चुके हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी, जो ‘‘लंबे भाषण’’ देते हैं, राफेल सौदे पर चुप हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (मोदी ने) नोटबंदी की, गब्बर सिंह टैक्स लगाया और लाखों का कारोबार बर्बाद किया लेकिन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह का कारोबार तीन महीने में 50,000 से 80 करोड़ रुपए में बदलने पर कुछ नहीं बोलते.’’

राहुल ने मोदी सरकार पर समाज को बांटने और दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार में शामिल होने का आरोप लगाया.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours