भाजपा के असंतुष्ट नेता व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बुधवार को संकेत दिया कि वो अगला लोकसभा चुनाव किसी दूसरी पार्टी के टिकट पर लड़ सकते हैं. उन्होंने कहा कि जिस दिन से मोदी सरकार बनी है उसी दिन से उनके जैसे नेताओं के साथ अच्छा बर्ताव नहीं हो रहा है. लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि वो पटना साहिब सीट से ही चुनाव लड़ेंगे जहां से वो इस समय सांसद हैं.

आगे उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव (2014) में भी इस तरह की अफवाह थी कि मुझे बीजेपी से टिकट नहीं मिलेगा. जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके साथ पार्टी में खराब बर्ताव हुआ है तो उन्होंने हां में उत्तर दिया.

इस तरह की बातें तब सामने आ रही हैं जब भाजपा के असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आज मुलाकात की. उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार के खिलाफ सभी क्षेत्रीय ताकतों को एकजुट करने के प्रयास करने के लिए ममता की प्रशंसा की.

हालांकि यशवंत सिन्हा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह या शत्रुघ्न भाजपा के खिलाफ खड़ी की जा रही ताकत के साथ आएंगे या नहीं.

उन्होंने कहा, ‘‘ ममता हमारी पुरानी कैबिनेट सहयोगी हैं. उनके व्यक्तित्व से सभी परिचित हैं. देश को बचाने के लिए उन्होंने जो जिम्मेदारी उठाई है वह प्रशंसनीय है. भविष्य में भी हम उनका समर्थन करेंगे.’’ ममता वाजयेपी सरकार में रेलमंत्री का हिस्सा थीं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours