झारखंड में नगर निकाय चुनाव के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा में भाजपा का दम फूल रहा है. कई प्रमुख स्थानों पर प्रत्याशी के नामों पर जबर्दस्त खींचतान है. पार्टी के प्रमुख नेता अपने चहेतों को टिकट दिलाने के लिए लगे हुए हैं. इसलिए कई स्थानों पर मामला फंसा हुआ है. भाजपा प्रदेश कार्यालय में चुनाव समिति की हुई बैठक के बाद भी फैसला नहीं लिया जा सका. अब यह घोषणा 20 मार्च को होगी.

चुनाव समिति की बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के अलावा मंत्री सीपी सिंह, लुईस मरांडी, सरयू राय भी शामिल हुए. प्रत्येक पद पर तीन से चार नामों की सूची पर विचार हुआ. चुनाव समिति के सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव दिए. अब मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और संगठन महामंत्री आपस में मशविरा कर नामों को तय करेंगे. सभी नामों की घोषणा एक साथ की जाएगी.

नगर निकाय चुनाव में नामांकन का समय निकलता जा रहा है. पार्टी के प्रत्याशी के नाम हवा में ही तैर रहे हैं. सत्ता में होने और एक बड़ी पार्टी होने का शायद यह संकट है कि कोई निर्णय लेना कठिन पड़ जाता है. यही स्थिति है भाजपा की. राज्य में 34 नगर निकाय क्षेत्र में चुनाव होना है. इनमें नगर निगम भी शामिल है. पार्टी ने प्रत्याशी तय करने के लिए रायशुमारी कराई है. यह एक महत्वपूर्ण आधार रहा है. लेकिन यह इतना अधिक महत्वपूर्ण नहीं है जितना प्रमुख नेताओं का आशीर्वाद. यही कारण है कि कुछ स्थानों को लेकर मामला फंसा हुआ है. इनमें रांची, सरायकेला, हजारीबाग, पलामू, दुमका, साहेबगंज, शामिल हैं.

 
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours