आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के स्वास्थ्य को लेकर रिम्स प्रबंधन ने सोमवार को ताजा मेडिकल बुलेटिन जारी किया. जिसमें बताया गया कि लालू प्रसाद की स्थिति यथावत बनी हुई है. इस बीच आरजेडी सुप्रीमो ने सोमवार को भी इन्सुलिन लेने से इनकार कर दिया है.

बता दें कि लालू प्रसाद का ब्लड शुगर 180 और क्रिएटनीन का लेवल 1.7 पर पहुंच गया है. उधर, रिम्स के निदेशक ने उनकी किडनी की समस्या को लेकर चिंता जाहिर की है. रिम्स प्रबंधन लालू प्रसाद के बेहतर इलाज के लिए बाहर से नेफ्रोलॉजिस्ट बुलाने पर विचार कर रहा है.

रिम्स के निदेशक के मुताबिक इस सिलसिले में उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों से बात करके फैसला किया जाएगा. निदेशक ने कहा कि लालू प्रसाद के चेहरे पर सूजन अभी भी बरकरार है.

गौरतलब है पिछले दिनों रिम्स के मेडिकल बोर्ड ने लालू प्रसाद की स्थिति को देखते हुए एम्स या एम्स जैसे बड़े संस्थान में इलाज के लिए भेजने का फैसला लिया था, लेकिन आरजेडी सुप्रीमो को अब तक भेजा नहीं गया है. उससे पहले उनका रिम्स में फिस्टुला का ऑपरेशन हुआ. अस्पताल के मुताबिक लालू प्रसाद को कई तरह की बीमारी है. जांच में उनकी दाहिनी किडनी के नीचे पथरी भी पाया गया.

बीते 17 मार्च को रांची की होटवार जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद लालू प्रसाद को रिम्स में भर्ती कराया गया. तब से अब तक उनका इलाज रिम्स में चल रहा है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours