प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा बुलाई गयी बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में सीएम रघुवर दास ने अपनी सरकार की प्रगति रिपोर्ट सौंपी. बैठक में सीएम ने जानकारी दी कि राज्य में तीन नये मेडिकल कॉलेज दुमका, हजारीबाग और पलामू में निर्माणाधीन है. इन मेडिकल कॉलेजों के निर्माण के बाद सूबे में एमबीबीएस की सीट 300 सौ से बढ़कर 600 हो जाएगी. इसके अलावा कोडरमा और चाईबासा में दो नये मेडिकल कॉलेज प्रस्तावित हैं.
रघुवर दास ने कहा कि केन्द्र के सहयोग से देवघर में एम्स की स्थापना की जा रही है. रिम्स के डेंटल कॉलेज में 50 सीटों पर बीडीएस की पढ़ाई शुरू कर दी गई है. राज्य के आठ जिलों में एएनएम स्कूल शुरू किया जा रहा है.
दिल्ली स्थित बीजेपी के नये दफ्तर में आयोजित इस बैठक में सीएम रघुवर दास ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट सौंपी. सीएम ने बताया कि सूबे के सभी प्रमंडलों में फार्मेसी संस्थान संचालित किये जा रहे हैं. पीपीपी मोड पर मेडिको सिटी इटकी में शुरू की जाएगी. सीएम ने जानकारी दी कि राज्य में प्रधानमंत्री बीमा योजना का लाभ राज्य के 14.16 लाख किसानों को दिया गया है. शहरी क्षेत्र में पीएम आवास योजना के तहत 30000 आवास का निर्माण कराया गया है. ग्रामीण इलाकों में 1.26 लाख आवास का निर्माण कर लिया गया है.
बैठक में प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. सीएम आज दिल्ली से रांची लौटेंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours