पत्थलगड़ी के माध्यम से सूबे में असंवैधानिक कार्य हो रहा है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है. लेकिन सीएम को ये सोचना होगा कि आखिर ऐसी नौबत क्यों आई. ये कहना है झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार का. खास बातचीत में उन्होंने पत्थलगड़ी की आड़ में बाहरी लोगों के गांव में प्रवेश निषेध को पूरी तरह गलत और गैर कानूनी बताया.
हालांकि पत्थलगड़ी के बहाने रघुवर सरकार पर हमला बोलते हुए अजय कुमार ने कहा कि ये सब सरकार के सीएनटी-एसपीटी एक्ट और भूमि अधिग्रहण बिल में संशोधन का नतीजा है. उन्होंने कहा कि संविधान के तहत संस्कृति को बचाने के वो वकालतदार हैं. लेकिन असंवैधानिक कार्यों के पक्षधर नहीं.
हाल में खूंटी में आयोजित एक सभा में सीएम ने कहा कि पत्थलगड़ी को लेकर राज्य और खूंटी जिले का नाम उछला जा रहा है. मुख्यमंत्री ने चुनौती देते हुए कहा कि जो लोग पत्थलगड़ी के बहाने असंवैधानिक काम कर रहे हैं, उन्हें सरकार कुचल देगी. वे हर ऐसी जगह जायेंगे, जहां पर पत्थलगड़ी हो रहा है. तीखे लहजे में उन्होंने कहा कि कोई माई का लाल हो तो रोक कर दिखाए.
खूंटी के अड़की इलाके से इन दिनों पत्थलगड़ी के मामले सामने आ रहे हैं. पत्थलगड़ी के जरिये ग्रामीण सरकारी व्यवस्था में अपना अविश्वास जताते हुए खुद से अपने गांव और समाज के विकास की वकालत करते हैं. वैसे आदिवासी समाज में पत्थलगड़ी की परंपरा पुरानी रही है. लेकिन मौजूदा पत्थलगड़ी में सरकार और व्यवस्था से उपेक्षा को लेकर रोष झलकता है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours