धनबाद कोल माफियाओं, रंगदारों और विधि व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ शुक्रवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास सख्त नज़र आए. सीएम ने धनबाद पुलिस से इस पर नकेल कसने के आदेश दिए. मंच से भाषण देते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने साफ शब्दों में कहा कि झारखंड में कोयला चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कोयला माफियाओं और रंगदारों को रांची के होटवार जेल
में भेज दिया जाएगा.
सीएम एकदिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे थे जहां उन्होंने 50 करोड़ की लागत से बने एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भवन का उद्घाटन किया. साथ ही सीएम ने जल्द ही धनबाद में सदर अस्पताल का निर्माण कार्य पूर्ण कराने की बात भी कही. सीएम के अनुसार जल्द ही रांची में टाटा ट्रस्ट का कैंसर अस्पताल खोला जाएगा. मुख्यमंत्री ने धनबाद में स्वीकार किया कि सरकारी अस्पतालों की दयनीय स्थिति है. झारखंड में डॉक्टरों की कमी के कारण परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के चिकित्सा महाविद्यालययों से कैम्पस सेलेक्शन के माध्यम से डॉक्टरों की बहाली कराई जा रही है. साथ ही बीएससी पास छात्रों द्वारा बेसिक मेडिकल कोर्स के माध्यम से सफल अभ्यर्थियों की बहाली की जाएगी.
उन्होंने कहा कि सूबे में तीनों नए मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई इसी सेशन में शुरू हो जाएगी. छह नए नर्सिंग कॉलेज सरकार खोलने जा रही है ताकि झारखंड की बच्चियों को रोजगार मुहैया कराया जा सके. झारखंड सरकार 57 लाख परिवारों को 5 लाख की स्वास्थ्य बीमा योजना देगी. उन्होंने कहा कि 2022 तक झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन जाएगा.
रामनवमी के मौके पर सीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दूसरे धर्म समुदाय के लोगों की भावनाओं को ठेस न पहुंचाते हुए पूरे उल्लास और उमंग के साथ रामनवमी मनाएं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours