देहरादून I भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी देहरादून में सड़क हादसे का शिकार हो गए.  इस हादसे में उनके माथे पर चोट आई, जिसके बाद उन्हें टांके लगवाने पड़े.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दरअसल शमी अभिमन्यू क्रिकेट अकादमी में प्रैक्टिस के लिए शुक्रवार से देहरादून में थे और वहां से दिल्ली लौट रहे थे. तभी रास्ते में उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में शमी की दाहिनी आंख के ऊपर चोट आई.

इस घटना के बाद उन्हें सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 3-4 टांके लगाए. फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है, जिसके बाद वह देहरादून में ही रुक गए हैं.

बता दें कि शमी पिछले कुछ दिनों से परिवारिक विवाद के चलते सुर्खियों में हैं. उनकी पत्नी हसीन जहां ने उन पर दूसरी महिलाओं के संबंध रखने और उनके साथ  मारपीट, हत्या की कोशिश और मैच फिक्सिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, शमी इन सभी आरोपों से इनकार करते रहे हैं.

इन आरोपों के चलते बीसीसीआई ने उनका कॉन्ट्रेक्ट रोक दिया था और आईपीएल में भी उनका खेलना संदिग्ध माना जा रहा था. वहीं बीसीसीआई की जांच कमेटी ने अब उन्हें फिक्सिंग के आरोपों से मुक्त कर दिया है, जिसके बाद अब वह आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से खेल सकेंगे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours