झारखंड I झारखंड में दो राज्यसभा सीट के लिए होनेवाले चुनाव के लिए कांग्रेस नेताओं से बातचीत करने झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन दिल्ली रवाना हो गए. दिल्ली जाने से पहले बिरसा मुंडा एअरपोर्ट पर हेमंत सोरेन ने कहा कि वह राज्यसभा की सीट के लिए यूपीए की जीत पक्की करने के लिए राहुल गांधी सहित कांग्रेस के नेताओं के साथ बात कर उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेंगे.
रविवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम द्वारा राज्यसभा की एक सीट पर दावा जताने के बयान पर झामुमो नेता ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस दोनों के पास संख्या बल नहीं है. इसलिए वार्ता के बाद ही सबकुछ तय होगा. उन्होंने कहा कि इसी विषय पर सहमति बनाने के लिए वह दिल्ली जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यूपीए से जुड़े दलों के नेताओं के साथ बात करनी है. इसी क्रम में राहुल गांधी से भी बात करूंगा कि कैसे राज्यसभा की सीट को अपने पाले में किया जा सकता है.
बता दें कि राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी खड़ा करने को लेकर विपक्षी एकता अभी तक नहीं बन पाई है. कांग्रेस द्वारा एक सीट पर दावेदारी ठोके जाने से प्रमुख विपक्षी दल झामुमो के लिए मुश्किल खड़ा हो गया है. कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम की मानें तो कांग्रेस के पास भले ही समुचित आंकड़े नहीं हैं मगर विपक्षी दलों के सहयोग से वह चुनाव जीतने में जरूर सफल होगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours