सीएम रघुवर दास ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी का कार्यकर्ता ही खड़ा होगा. उन्होंने दोनों सीटों के लिए प्रत्याशी खड़ा होने के संकेत दिए हैं. साथ ही उन्होंने पत्थलगड़ी के पीछे अफीम की खेती को एक
कारण बताया है. पार्टी कार्यालय रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में सीएम रघुवर दास ने खुलकर कई चीजों को रखा.

भाजपा की पूर्वोत्तर में दमदार जीत से पूरे देश में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता खुश हैं. इस खुशी का भाव झारखंड के सीएम रघुवर दास के चेहरे पर भी दिख रहा था. जमशेदपुर से रांची लौटने के बाद सीएम रघुवर
दास भाजपा कार्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने खुलकर पत्रकारों से बात की. त्रिपुरा समेत पूरे पूर्वोत्तर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत की उन्होंने चर्चा की. उन्होंने कहा कि 3 मार्च का दिन देश के राजनीतिक इतिहास में एक यादगार दिन होगा.


पूर्वोत्तर में भाजपा की जीत को लेकर पार्टी की युवा इकाई भाजयुमो ने सीएम रघुवर दास और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ को सम्मानित किया. सीएम रघुवर दास काफी प्रसन्न दिखे. उन्होंने पत्रकारों के प्रत्येक सवाल का जवाब दिया. किसी सवाल पर जवाब देने से नहीं चुके. लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि एक कमिटी बनेगी जो इस विषय में जगह-जगह संगोष्ठी कर माहौल तैयार करेगी. सीएम ने राज्यसभा के लिए दोनों सीटों पर प्रत्याशी उतारने के संकेत भी दिए.

सीएम ने देश को कांग्रेस मुक्त बनाने के भाजपा के लक्ष्य को फिर से दोहराया. साथ ही राज्य के ज्वलंत विषय पत्थलगड़ी पर कहा कि इसके पीछे अफीम की खेती एक कारण है. इसे उग्रवादी संगठन और कुछ स्वार्थी तत्व बरगलाने के लिए हवा दे रहे हैं. उन्होंने मंत्री सरयू राय के बयानों से असहज स्थिति होने से इंकार किया. एक मंत्री पद खाली रहने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सब ठीक है. उनके ऊपर काम का
लोड नहीं है.

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा भी मौजूद रहे. पूरी प्रेस वार्ता में लक्ष्मण गिलुवा ने यह संकेत दिया कि जो भी कार्यकर्ता निलंबित हैं, वे आवेदन दे सकते हैं. पार्टी उस पर विचार करेगी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours