झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के लगातार आक्रामक हमले का जवाब नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने संवाददाता सम्मेलन कर दिया. रांची स्थित अपने आवास पर पूर्व सीएम ने कहा कि विकास को लेकर वो मुख्यमंत्री की बहस की चुनौती को स्वीकार करते हैं. लेकिन सीएम को पहले उन माताओं से बहस करनी चाहिए, जिनके बच्चे टीकाकरण के चलते मारे गए, उन विधवाओं से करनी चाहिए, जिनके किसान पति कर्ज के चलते आत्महत्या कर लिए.
उन्होंने कहा कि जब राज्य में विकास हो रहा है, तो वह दिखना भी चाहिए. गला फाड़-फाड़ कर इसे बताना क्यों पड़ रहा है. शराब, कृषि विभाग, आंगनबाड़ी पोषाहार में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि सच की लंगी जब जनता देगी तो भाजपा चारों खाने चित हो जाएगी.
भाजपा नेताओं की भाषा पर सवाल उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह लोकतंत्र की भाषा नहीं है. उनके मुताबिक हर दिन तेज आंधी-ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं, पर सरकार चुप है.
बतौर हेमंत मंगलवार के भारत बंद के पीछे भाजपा मानसिकता वाले लोगों की ताकत लगी है. उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार न देकर उनसे दंगे करवाए जा रहे हैं. बीजेपी देश में सिविल वार करवा सकती है.
हेमंत की माने तो आचार संहिता के बावजूद सरकार ने कई फैसले चुनाव को देखकर लिये हैं. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि संभव है कि निचली अदालतों से आ रहे फैसले सरकार से प्रभावित हो.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours