रांची। राज्य में मानूसन की बारिश की रफ्तार भले धीमी हो लेकिन वज्रपात ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को वज्रपात से पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची में नौ लोगों की मौत हो गई। बुधवार को भी वज्रपात से राज्य के अलग-अलग जिलों में छह मौतें हुई थीं। इस तरह दो दिनों में राज्य में 15 की जान वज्रपात ने ले ली है। लातेहार में सर्वाधिक तीन लोगों की जान गई है।
लातेहार के महुआडांड थाना क्षेत्र के कुकुदपाठ गांव में बुधवार की शाम करीब साढ़े चार बजे मूसलाधार बारिश के साथ व्रजपात में 38 वर्षीय मदन नगेशिया की मौत हो गई। वहीं सदर थाना क्षेत्र के तुबेद गांव में व्रजपात से कैमा निवासी जमुना उरांव की पत्नी धानो देवी (30 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं चंदवा प्रखंड के केकराही (माल्हन) गांव में वज्रपात से सहबू गंझू (पिता कंचन गंझू) की मौत हो गई।
पलामू के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत सूठा गांव में दोपहर बाद हुए वज्रपात में एक युवक की मौत हो गई। मृतक सुरेंद्र चौधरी (20 वर्ष) सूठा गांव निवासी लक्ष्मण चौधरी का पुत्र था। घटना में परिवार के तीन सदस्य घायल भी हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। लोहरदगा के भंडरा थाना क्षेत्र के भौंरों पंचायत अंतर्गत बलुवा टोली में गुरुवार को तेज बारिश के साथ हुई वज्रपात की घटना दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों में बलूवा टोली निवासी पाचू उरांव (70 वर्ष) व कसपुर गांव निवासी एतवा उरांव का पुत्र जगरनाथ उरांव (40 वर्ष) शामिल हैं।
गुमला जिला के अलग-अलग स्थानों पर हुई वज्रपात में दो लोगों की मौत हो गई। बसिया थाना के लवाकेरा गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर सूरज महतो की मौत हो गई। जारी में पिलैयडीह टोली के समीप हुई वज्रपात की घटना में बंडोटोली गांव के प्रदीप लकड़ा (30 वर्ष) की मौत हो गई। रांची के खलारी थानांतर्गत आरसीएम साइडिंग के निकट गुरुवार की दोपहर बाद दो युवक वज्रपात की चपेट में आ गए। इस घटना में 25 वर्षीय बबलू साव की मौत हो गई, जबकि उसी के साथ वज्रपात की चपेट में आ कर घायल 30 वर्षीय समर चौधरी इलाज के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
वज्रपात से एनटीपीसी के टावर क्रेन में लगी आग
इधर चतरा में एनटीपीसी की उत्तरी कर्णपुरा विद्युत मेगा ताप परियोजना के टावर क्रेन में वज्रपात से आग लग गई। हालांकि मौका रहते ही आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार कोई नुकसान नहीं हुआ।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours