झारखंड के लातेहार में दर्दनाक घटना घटी है. यहां सदर थाना क्षेत्र के डीही गांव में एक शख्स ने पहले अपनी बेटी और पत्नी की हत्या कर दी, फिर खुद भी जहर खाकर मौत को गले लगा लिया. घटना की जो वजह सामने आई है, वो अवैध संबंध से जुड़ी है. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है. इस घटना से पूरे गांव में दहशत है.

जानकारी के मुताबिक इश्राफिल का गांव की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध था. इसी चक्कर में उसने अपनी पत्नी और बेटी की टांगी से गर्दन काटकर हत्या कर दी. बाद में खुद भी घर से कुछ दूर जाकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मामला सदर थाना के डीही गांव का है.

इश्राफिल की छोटी बेटी ने पूरी वारदात की जानकारी पुलिस को दी. उसने बताया कि गांव की एक महिला के कारण मां और पिता में पिछले एक साल से अक्सर झगड़ा हुआ करता था. पिता घर में खर्च के लिए पैसे भी नहीं देते थे. बुधवार रात मां और पिता में मृत बहन की शादी की बात को लेकर झगड़ा हुआ था. इसके बाद आधी रात को पिता ने दोनों की टांगी से हत्या कर दी.

बच्ची के मुताबिक उसने हत्या के बाद हाथ में टांगी लिए पिता को दो महिलाओं के साथ बाहर जाते देखा. ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें सुबह में पूरी घटना की जानकारी मिली. गांववालों के मुताबिक इस महीने इश्राफिल की मृत बेटी की शादी होने वाली थी. पुलिस ने इश्राफिल के शव के पास से टांगी को बरामद कर लिया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours