झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास को एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने गुमला जाना था. लेकिन आस-पास पेड़ होने के कारण उनका हेलीकॉप्टर गुमला के अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में नहीं उतर सका. बाद में हेलीकॉप्टर को पुग्गु स्थित हवाईअड्डा में लैंड कराया गया, जहां से वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक गये.
जमशेदपुर से रांची आने के क्रम में सोनारी एयरपोर्ट पहुंचे सीएम ने कहा कि जस्टिस लोया की मौत मामले में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को साजिश के तहत घसीटे की कोशिश कांग्रेस ने की. लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने कांग्रेस के मुंह पर करारा तमाचा दिया है.
रघुवर दास के मुताबिक 2018 में झारखंड उग्रवाद मुक्त हो जाएगा. वहीं लीज बंदोबस्ती पर सीएम ने कहा कि उन्होंने तीस साल से रह रहे लोगों को लीज बंदोबस्ती का मौका दिया है, जो लोग 1985 के बाद से बसे हैं उन्हें भी तीस साल के बाद लीज बंदोबस्ती का मौका मिलेगा और ये प्रक्रिया चलती रहेगी.
एनएच-33 को लेकर सीएम ने ऐलान किया कि 20 अप्रैल से रांची-टाटा एनएच-33 और रांची रिंगरोड के बचे हुए प्रोजेक्ट पर युद्धस्तर से काम शुरू हो जाएगा. धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को लेकर फंस रही पेंच पर सीएम ने कहा कि तकनीकी पहलू की कठिनाई दूर होने पर ही यह बनेगा.
सीएम ने बताया कि मोमेंटम झारखंड का अगला चरण 27 अप्रैल को देवघर में होगा, जहां फूड प्रोसेसिंग यूनिट में बड़ा निवेश होगा. सीएम ने ये भी बताया कि 5 सितंबर को पीएम झारखंड आएंगे और रांची से देवघर एयरपोर्ट और चाईबासा-कोडरमा में प्रस्तावित दो मेडिकल कॉलेजों का शिलान्यास करेंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours