चतरा नगर निकाय के लिए हुए मतदान के बाद शुक्रवार को हुई मतों की गिनती में भाजपा प्रत्यासी गुंजा देवी को चतरा नगर पर्षद के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया गया. उन्होंने इस चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की प्रतिमा देवी को 458 मतों से पराजित कर दिया. गुंजा देवी को कुल 5516 मत प्राप्त हुए जबकि प्रतिमा देवी को कुल 5058 वोट प्राप्त कर दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा. वहीं जेवीएम के सुदेश कुमार उर्फ़ फंटूश ने भाजपा के पंकज साहू को शिकस्त देकर उपाध्यक्ष पद का ताज अपनी झोली में कर लिया.
चतरा नगर पर्षद के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित भाजपा उम्मीदवार गुंजा देवी ने अपनी जीत का श्रेय नगर की जनता को देते हुए शहर में पानी, बिजली व सफाई आदि की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सूबे की रघुवर सरकार द्वारा होल्डिंग टैक्स में की गई अप्रत्याशित वृद्धि को कम करवाना अपनी प्राथमिकता बताया.
मालूम हो कि चतरा नगर पर्षद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए एक-एक तथा शहर के कुल 22 वार्ड सदस्य पद के लिए 16 अप्रैल को मतदाताओं ने वोट किया था. इधर मतों की गिनती आज सुबह आठ बजे प्रारंभ कर दी गई थी. वहीं कुल तीन राउंड की गिनती के पश्चात् सभी परिणाम घोषित कर दिए गए. चतरा उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी जीतेन्द्र सिंह व एसपी अखिलेश बी वारिअर की उपस्थिति में मतगणना कार्य शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करा लिया गया. दूसरी ओर मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours