झारखंड निकाय चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत से गदगद सीएम रघुवर दास ने कहा कि झारखंड की जनता ने पीएम के 'सबका साथ, सबका विकास' के विचार पर फिर से मुहर लगा दी है. मुख्यमंत्री ने कहा,' हमने जातिवाद, क्षेत्रवाद और संप्रदायवाद से ऊपर उठकर विकास किया, जिसको जनता ने स्वीकार किया है.'
रघुवर दास ने बताया कि 34 निकायों में से पार्टी को 21 पर जीत हासिल हुई है, जो एक बहुत बड़ी जीत है. उन्होंने कहा कि ये जीत विकास में बाधा डालने वालों के लिए जनता की तरफ से करारा तमाचा है. पत्थलगड़ी प्रभावित खूंटी की जनता को विशेष बधाई देते हुए सीएम ने कहा कि खूंटी की जनता ने बीजेपी उम्मीदवारों को जीत का उपहार देकर राष्ट्रविरोधी ताकतों को स्पष्ट संदेश दिया है.
निकाय चुनाव में विपक्ष की हार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जेएमएम अब झारखंड मुद्रा मोर्चा बन चुका है, जबकि कांग्रेस एक्सपाइरी पार्टी, जिस पर जनता अब भरोसा नहीं कर सकती.
रघुवर दास ने साफ किया कि 2019 के रण के लिए भी विकास ही उनका एेजेंडा रहेगा. बतौर रघुवर, जीतना मोदी हटाओ का अभियान विपक्षी दल चलाएंगे, उतना कीचड़ में कमल खिलेगा.
सीएम ने दावा किया कि केन्द्र और राज्य के बाद अब शहर में भी बीजेपी की सरकार होगी. लिहाजा अब सूबे में तेजी से विकास होगा. उन्होंने कहा,'मेरे लिए इस चुनाव से एक ही सबक है विकास और तेजी से हो.'



Post A Comment:
0 comments so far,add yours