प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धनबाद दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं. इस सिलसिले में मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, गृह सचिव एसकेजी रहाटे और डीजीपी डीके पाण्डेय धनबाद पहुंचे. तीनों वरीय पदाधिकारियों ने सर्किट हाउस में जिले के उपायुक्त, एसएसपी, नगर आयुक्त समेत कई अधिकारियों के साथ पीएम के आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की.
बैठक में तीनों अधिकारी गोल्फ ग्राउंड, आईआईटी -आईएसएम, बलियापुर हवाईपट्टी और सिंदरी के बंद खाद कारखाने का भी जायजा लिया. पीएम की जनसभा के लिए बरवाअड्डा एयरपोर्ट या बलियापुर हवाई पट्टी में से किसी एक का चयन हो सकता है. चूंकि प्रधानमंत्री आईआईटी -आइएसएम के दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के बाद डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन करेंगे और फिर सिंदरी में बंद कारखाने के स्थान पर नई हर्ल फैक्ट्री की आधारशिला रखेंगे.
मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि पीएम एक साथ कई महात्वाकांक्षी योजनाओं का ऑनलाइन शुभारंभ व आधारशिला रखेंगे. इसमें पतरातू एनटीपीसी का पावर प्रोजेक्ट, देवघर एम्स एवं एयरपोर्ट का शिलान्यास, गोड्डा में प्रस्तावित अडानी पावर प्रोजेक्ट का शिलान्यास और राज्य सरकार के द्वारा जन औषधि केंद्र खोले जाने के एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.
25 मई को पश्चिम बंगाल के शांति निकेतन विश्वविद्यालय में पीएम का बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ कार्यक्रम है. ऐसे में धनबाद कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद पीएम शांति निकेतन जाएंगे. दोनों कार्यक्रम एक ही दिन होने को लेकर पीएमओ में मंथन चल रहा है. हालांकि अभी तक आधिकारिक शिड्यूल जारी नहीं किया गया है.
गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने ही आईएसएम को 2016 में आईआईटी का दर्जा दिया था और सिंदरी के बंद कारखाने को खोलने की घोषणा की थी. वादे के मुताबिक धनबाद की दोनों मुराद को पीएम ने पूरी कर दी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours