झारखंड में रविवार शाम आई तेज आंधी-बारिश में पांच लोगों की मौत हो गयी. गुमला में दो और रांची, रामगढ़ व सिमडेगा में एक-एक की वज्रपात से मौत हो गई. दर्जनभर से अधिक पशुओं के भी मारे जाने की खबर है. सबसे ज्यादा असर रांची, गुमला, सिमडेगा, हजारीबाग, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी व खरसावां जिले में हुआ. इन जिलों में कई कच्चे घर क्षतिग्रस्त हो गये. सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया. बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह से प्रभावित हुई.
रांची के जगन्नाथपुर थाना इलाके के शहीद मैदान में वज्रपात से पेड़ के नीचे खड़े एक युवक की मौत हो गयी. जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया. दोनों की पहचान नहीं हो पायी है. रांची में कई जगहों पर पेड़ गिर गये. क्लब रोड, टाटीसिलवे रोड, मोरहाबादी, पुरुलिया रोड में कई जगहों पर पेड़ गिर गये. कांके में नगर निगम के स्लाॅटर हाउस की चहारदीवारी गिर गयी. झारखंड राज्य खाद्य निगम के पुराने राशन गोदाम की छत उड़ गयी. इससे सैकड़ों बोरी चावल बर्बाद हो गया. प्रेम नगर, चुड़ी टोला, बाजार टाड़, अरसंडे व बोड़ेया में पेड़ गिर गये. इससे बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गये.
बिजली के तार टूटने से राजधानी के कई इलाकों की बिजली सोमवार सुबह तक बाधित रही. राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, मुख्य न्यायाधीश आवास सहित अन्य वीआइपी आवासों में भी बिजली बाधित रही. इन इलाकों में रविवार रात सवा नौ बजे के करीब बिजली हटिया-राजभवन लाइन से बहाल की गयी. वहीं कांके-राजभवन लाइन से बिजली आपूर्ति ठप है. बिजली विभाग के अधिकारी ने बताया कि बोड़ेया चौक के समीप 15 पोल का तार गिर गया. इससे बिजली की आपूर्ति बंद है. इस कारण राज्यपाल सहित अन्य वीआइपी को उस स्रोत से बिजली नहीं मिल पायी.
मौसम विभाग के अनुसार 24 मई तक सूबे के मौसम में इसी तरह का बदलाव होता रहेगा. सोमवार को भी आंधी-बारिश होने की आशंका है. गर्मी के साथ-साथ आकाश में बादल छाये रहेंगे. साथ ही तेज हवा व गर्जन के साथ बारिश भी हो सकती है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours