लोहरदगा में हुए भीषण सड़क हादसे में रांची के पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों में रांची के बिरसा मुंडा केन्द्रीय कारा के वार्डन सुरेन्द्र विश्वकर्मा, उनके दो पुत्र श्रवण और अमित, रिश्तेदार इंद्रजीत शर्मा व चालक अब्दुल शाह शामिल हैं. सुरेन्द्र विश्वकर्मा अपनी छोटी बेटी के लिए लड़का देखने लोहरदगा जा रहे थे.
भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत से रांची से लेकर लोहरदगा तक कोहराम मच गया. जानकारी के मुताबिक लोहरदगा पावरगंज निवासी शंभू शर्मा के बेटे संदीप से विवाह का प्रस्ताव लेकर रांची निवासी सुरेंद्र विश्वकर्मा अपने रिश्तेदारों के साथ रविवार को लोहरदगा आ रहे थे. रास्ते में कुडू थाना क्षेत्र के चीरी ट्रेनिंग कॉलेज मोड़ के पास सुबह करीब नौ बजे ट्रक से उनकी कार सामने से टकरा गई.
हादसे में मौके पर एक की मौके पर ही मौत हो गई. एक को कुडू सीएचसी में इलाज के लिए ले जाया गया. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रिम्स रेफर कर दिया गया. रांची ले जाने के दौरान सबकी मौत रास्ते में हो गई.
घटना के बाद ग्रामीणों ने कार के दरवाजे को तोड़कर घायलों को निकाला. पुलिस को जानकारी दी. पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को लोहरदगा सदर अस्पताल में पहुंचाया. ड्राइवर अब्दुल शाह रांची के बूटी इलाके के सैनिक कॉलोनी का रहने वाला था, जबकि सुरेंद्र विश्वकर्मा का परिवार रांची के सुखदेव नगर में रहते हैं. मूलतः सुरेंद्र विश्वकर्मा बिहार के गया जिला अंतर्गत मझिआंव गांव के रहने वाले थे. वो लंबे समय से रांची में रह रहे थे. इस बाबत कुडू थाने में मामला दर्ज किया गया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours