'पानी बिन सब सून', यह कहावत कभी भी गलत नहीं हो सकती है क्योंकि पानी के बिना जीना मुश्किल नहीं नामुमकिन है. रांची नगर निगम क्षेत्र में पानी की घोर समस्या है. पानी के लिए लोगों को एक-एक किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है. सरकार के मंत्री भी इसे मानते हैं.

रांची नगर निगम के धुर्वा क्षेत्र में पानी की समस्या बढ़ते जा रही है. यहां के 38 नंबर वार्ड के लोग एक किलोमीटर दूर जाकर पानी लाते हैं. पानी की समस्या झेलते-झेलते यहां के लोग उम्रदराज हो गए, लेकिन हुक्मरान को इसका शायद अहसास नहीं है. लोगों के जीवन का एक बड़ा हिस्सा पानी के इंतजाम में कट जा रहा है. घनी आबादी वाले क्षेत्र में कई चापानल खराब पड़े हैं. दूसरी तरफ भूगर्भीय जलस्तर नीचे चला गया है.

वैसे रांची नगर निगम के पूरे क्षेत्र में पानी की समस्या है. वार्ड नंबर 38 का जायजा लेने पर यह समस्या काफी गंभीर दिखाई दे रही है. रांची नगर निगम की ओर से इस गर्मी में विशेष इंतजाम का दावा किया जा रहा है. लेकिन समस्या की तुलना में उपाय कम पड़ जा रहे हैं. रांची नगर निगम क्षेत्र में 60 पानी के टैंकर हैं. इनसे जगह-जगह पानी भेजा जाता है. फिर भी लोगों की जरूरत पूरी नहीं पा रही है. ऐसे में लोग परेशान हो रहे हैं. यह सरकार के जिम्मेवार मंत्री भी मानते हैं.

नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने स्वीकारते हुए कहा कि पानी की समस्या गंभीर है. उन्होंने कहा कि सिर्फ रांची ही नहीं पूरे झारखंड में पानी की भयंकर किल्लत है. इससे इंकार नहीं किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि जहां पानी की समस्या नहीं हुआ करती थी अब वहां भी परेशानी होने लगी है. इन सबसे निपटने के लिए टैंकर बढ़ाने की कोशिश की जा रही है. साथ ही अन्य उपाय भी किए जा रहे हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours