झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास रजरप्पा पहुंचे और मां छिन्नमस्तिका की पूजा अर्चना की. पूजा अर्चना के बाद सीएम ने कहा कि राज्य की जनता की खुशहाली के लिए मां की आराधना करने रजरप्पा आया हूं. राज्य की गरीब जनता का जीवन स्तर सुधारना सरकार की प्राथमिकता है. हर गरीब को घर मिले, शिक्षा मिले, दवा मिले. हर बेरोजगार को रोजगार मिले. मैं अपने इस सपना को पूरा करने के लिए ही मां के दरबार में आया और मां आराधना की.
रजरप्पा मंदिर भ्रमण के दौरान साफ-सफाई को लेकर जिले के अधिकारियों को भी सीएम ने कई दिशा निर्देश दिए. सीएम ने रजरप्पा को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर विशेष बल दिया. उन्होंने बातचीत में पत्रकारों से कहा कि पर्यटन का विकास होने से संबंध का भी विकास होता है. पर्यटन समाज को जोड़ने का काम करता है. उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे और बेरोजगारी खत्म होगी.
सीएम ने गोमिया विधानसभा उपचुनाव के संबंध में कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास की राजनीति करती है. आजादी के बाद पहली बार गोमिया विधानसभा में 14 योजनाओं का कार्य चल रहा है. इनमें से 12 योजनाओं पर काम DMFT फंड से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता के कारण दो बड़ी योजनाओं का शिलान्यास नहीं किया जा सका.
वहीं कर्नाटक की राजनीति के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया जानती है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी क्षेत्रीय पार्टी बनकर रह गई है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours