रांची के सिल्ली में मौसम की गर्मी की तपीश के साथ-साथ चुनावी तापमान भी काफी बढ़ गया है. मुख्य प्रतिद्वंद्वी आजसू और जेएमएम के उम्मीदवारों के पक्ष में नेताओं का न सिर्फ दौरा तेज हो गया है बल्कि आरोप प्रत्यारोप भी काफी लगाए जाने लगे हैं. आज शनिवार को जेएमएम उम्मीदवार सीमा महतो के पक्ष में विभिन्न विपक्षी दलों के बड़े नेताओं ने एक साझा मंच से आजसू प्रत्याशी सुदेश महतो और रघुवर सरकार पर हमला बोला.
पहाड़ की खुबसूरत वादियों में बसा सिल्ली का सुरसु इलाका बेहतरीन मौसम के कारण जाना जाता है. लेकिन आज यहां का सियासी तापमान काफी बढ़ा हुआ है. आज इस खूबसूरत वादियों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन समेत तमाम विपक्षी दलों के बड़े नेता एक मंच पर मौजूद हुए और जेएमएम प्रत्याशी सीमा महतो को वोट देने की अपील करने के साथ आजसू प्रत्याशी और रघुवर सरकार पर निशाना साधा. गुरुजी ने जहां एक लम्बे समय बाद चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए सीमा महतो को गांव की बहु बताते हुए वोट देने की अपील की और शिक्षा व्यवस्था चौपट करने के लिए राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया वहीं हेमंत सोरेन ने तो सुदेश महतो की पार्टी आजसू को राजनीतिक दलाल तक करार दिया.
जेएमएम प्रत्याशी के लिए बने इस साझा मंच पर सुबोधकांत सहाय, डॉ. अजय कुमार जैसे कांग्रेस के दिग्गज नेता भाजपा और आजसू के पर जमकर बरसे तो मासस, माले, जेवीएम और वामदलों के नेता भी पीछे नहीं रहे. जेवीएम के बंधू तिर्की ने जहां नोट, शराब और मांस से बचने की सलाह मतदाताओं को दी तो माले और वामदलों के नेताओं ने सीएनटी एसपीटी एक्ट समेत किसानों की आत्महत्या, गोलीकांड पर सरकार और आजसू को घेरने की कोशिश की.
मालूम हो कि सिल्ली विधानसभा क्षेत्र से जेएमएम के पूर्व विधायक अमित महतो की पत्नी किस्मत आजमा रही है. उन्हें महागठबंधन में शामिल विभिन्न दलों का समर्थन मिला है. ऐसे में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो की जीत की डगर काफी मुश्किल भरी लग रही है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours