गुमला के चैनपुर में एक महीने के अंदर दूसरी बार एक लड़की का अपहरण हो गया. परिजनों ने इस सिलसिले में दोबारा चैनपुर थाने में केस दर्ज कराया है. परिजनों को आशंका है कि इससे पहले अगवा करने वाले युवक ने ही दोबारा फिर से लड़की का अपहरण किया है.
करीब एक महीना पहले 19 वर्षीय युवती का अपहरण एक युवक ने किया था. तब कई दिनों तक अपने पास रखकर आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया था. हालांकि युवती किसी तरह जान बचाकर उसे चंगुल से भागी और घर पहुंची. परिजनों ने तब भी आरोपी के खिलाफ चैनपुर थाने में केस दर्ज कराया था. लेकिन पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पाती, उससे पहले बीते रविवार को एक बार फिर उसने युवती को अगवा कर लिया.
डीएसपी इंद्रमनी चौधरी का कहना है कि पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है. दोनों परिवारों के बीच आपसी विवाद भी है. लड़की बालिग है इसलिए यह पता लगाया जा रहा है कि लड़की को अगवा किया गया या वह खुद से लड़के के साथ गई. डीएसपी के मुताबिक पहले केस में लड़का फरार चल रहा है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours