आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव मंगलवार को भी प्रोविजनल बेल पर जेल से बाहर नहीं आ पाए. न्यायिक प्रक्रिया पूरी नहीं होने के चलते सीबीआई कोर्ट से रिलीज ऑर्डर जारी नहीं हो सका. सीबीआई कोर्ट में भोला प्रसाद, अन्नपूर्णा देवी समेत कई राजद नेता मौजूद रहे, लेकिन हाईकोर्ट से प्रोविजनल बेल का आदेश 12 बजे तक सिविल कोर्ट नहीं पहुंचा. इसके कारण उन्हें निराश लौटना पड़ा.
लालू प्रसाद के अधिवक्ता प्रभात कुमार ने कहा कि अब बुधवार को लालू प्रसाद रिलीज होंगे. दरअसल हाईकोर्ट से प्रोविजनल बेल संबंधी आदेश सीबीआई कोर्ट को मिलने के बाद आरजेडी सुप्रीमो की तरफ से 50-50 हजार रुपए का बेल बांड भरा जाएगा. इसके बाद सीबीआई कोर्ट होटवार जेल प्रबंधन को रिलीज ऑर्डर जारी करेगा. तब लालू प्रसाद जेल से बाहर निकलेंगे.
इससे पहले सोमवार को आरजेडी सुप्रीमो तीन दिन की पैरोल खत्म कर पटना से रांची लौट आए. रांची एयरपोर्ट से वे सीधे बिरसा मुंडा जेल गये. चारा घोटाले में जेल में बंद लालू यादव को बेटे तेजप्रताप की शादी में शरीक होने के लिए 3 दिन की पैरोल मिली थी. इसकी मियाद सोमवार को खत्म हो गई. गत शुक्रवार को मेडिकल ग्राउंट पर उन्हें 6 हफ्ते की प्रोविजनल बेल हाईकोर्ट से मिली.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours