केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह एक दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचे. रांची में उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ नक्सलवाद के मुद्दे पर अहम बैठक की. इस दौरान सूबे के तमाम आलाधिकारी मौजूद रहे. बैठक के बाद गृहमंत्री ने नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में राज्य सरकार के प्रयास की तारीफ की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का नक्सलमुक्ति का संकल्प जरूर पूरा होगा.
राजनाथ सिंह ने कहा कि हम ऑपरेशन के माध्यम से नहीं, विकास के माध्यम से माओवाद को खत्म करना चाहते हैं. ऑपरेशन तब होता है जब सुरक्षा बलों पर कोई हमला होता है. उन्होंने अपील की कि अगर कोई मुद्दा है तो माओवादी हथियार छोड़ें और बात करें, हम बात करने को तैयार हैं.
बकौल गृहमंत्री, पिछले चार वर्षों में देश में नक्सलवाद की घटनाएं तेजी से घटी हैं और यह पहला मौका है जब इसकी संख्या हजार से कम हो गई है. उन्होंने कश्मीर में पत्थरबाजी में पर्यटक के मारे जाने के सवाल पर कहा कि अमरनाथ यात्रियों के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था होगी. इसके लिए वहां की सरकार से भी बात की जाएगी.
राज्य में जगह-जगह हो रहे पत्थलगड़ी को लेकर गृहमंत्री ने कहा कि इस विषय पर भी बैठक में चर्चा हुई और राज्य सरकार इसको लेकर गंभीर है. उन्होंने केन्द्र सरकार के पिछले चार साल के कामकाज के बारे में कहा कि काम कम हुआ या ज्यादा इस पर सवाल उठ सकते हैं, लेकिन सरकार की मंशा पर सवाल नहीं उठाया जा सकता क्योंकि अबतक कोई भ्रष्टाचार का आरोप सरकार पर नहीं लगा है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours