खूंटी में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत रविवार को मुरहू ब्लॉक के उदबुरू गांव में बैंक आॅफ ग्रामसभा, आदिवासी शिक्षा बोर्ड, स्वास्थ्य और रक्षा बोर्ड के केंद्रीय कार्यालयों का शिलान्यास किया गया.
उदबुरू पहाड़ पर गांव के पाहन और पुजारियों ने जोसेफ उर्फ युसूफ पूर्ति की उपस्थिति में पारंपरिक रूप से पूजा-पाठ कर कार्यालयों का शिलान्यास किया. इसके साथ ही शिविर लगा कर खाता खोलने का भी काम शुरू कर दिया गया. आपको बता दें कि इस मौके पर लगभग 100 से अधिक लोगों ने अकाउंट भी खुलवाया.
इस आंदोलन के अगुवा जोसेफ उर्फ यूसुफ पूर्ति ने बैंक के पासबुक जारी करते हुए पहले कस्टमर लोबोदा गांव के बिरसा टूटी को पासबुक दिया और बैंक आॅफ ग्रामसभा के विधिवत संचालन की घोषणा की. बाद में उदबुरू में आयोजित सभा को संबाेधित करते हुए जोसेफ पूर्ति ने कहा कि बैंक खोलकर ग्रामसभा ने कोई गलत काम नहीं किया है. यह आदिवासियों के विकास के लिए है.
जोसेफ उर्फ यूसुफ पूर्ति ने कहा कि बैंक का काम जैसे-जैसे बढ़ता जायेगा, वैसे-वैसे इसका विस्तार किया जायेगा और अन्य गांवों में भी इसकी शाखा खोली जायेगी. उन्होंने कहा कि उदबुरू में ही आदिवासी शिक्षा बोर्ड, रक्षा और स्वास्थ्य विभाग का केंद्रीय कार्यालय होगा. मौके पर कई गांवो के ग्रामप्रधान व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
क्या है पत्थलगड़ी
पत्थलगड़ी आदिवासी समाज की परंपरा है, जिसके जरिए से गांव का सीमांकन किया जाता है, लेकिन अब इसी की आड़ में गांव के बाहर अवैध ढंग से पत्थलगड़ी की जा रही है. पत्थर पर ग्राम सभा का अधिकार दिलाने वाले भारतीय संविधान के अनुच्छेदों (आर्टिकल) की गलत व्याख्या करते हुए ग्रामीणों को आंदोलन के लिए उकसाया जा रहा है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours