दिल्ली I झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास दो दिवसीय दौरे पर शनिवार दिल्ली पहुंचे. दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंच कर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के स्वास्थ्य की जानकारी ली. वह रविवार को दिल्ली में नीति आयोग के गवर्निंग काउंसिल की बैठक में भी हिस्सा लेंगे.
सूत्रों के अनुसार 93 साल के अटल बिहारी वाजपेयी की स्थिति में सुधार हो रहा है. हालांकि वह लगातार अस्पताल के कार्डियो थोरैसिक सेंटर के आईसीयू में हैं.
करीब आधे घंटे की मुलाकात के दौरान रघुवर दास ने डाॅ रणदीप गुलेरिया और वाजपेयी के परिजनों से उनकी सेहत और इलाज का जायजा लिया.
रघुवर दास केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली से भी उनके आवास जाकर मिले. पिछले दिनों अरूण जेटली का भी सफल ऑपरेशन हो चुका है. फिलहाल वे स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं.
इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिलने एम्स पहुंचे और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली. यह जानकारी अस्पताल के सूत्रों ने दी. ममता और नीतीश रविवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली आए हैं.
गौरतलब है कि वाजपेयी को किडनी में संक्रमण, सीने में जकड़न और यूरीन आउटपुट कम होने के कारण 11 जून को एम्स में भर्ती कराया गया था.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours