गिरिडीह में भूख से महिला की मौत को लेकर नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने रघुवर सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि ये सरकार नरभक्षी के रूप में काम करने को उतारू हो चुकी है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से सीएम विकास का ढिंढोरा पीट रहे हैं, रोज-रोज की घटनाएं उसकी सच्चाई सामने ला रही है.

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में खाद्य सुरक्षा कानून लागू होने के बावजूद अब तक भूख से दर्जनों मौतें हो चुकी हैं. अनाज गोदाम में सड़ रहे हैं, लेकिन गरीबों को नहीं दिया जा रहा. उन्होंने कहा कि भूख से मौत वाले मामले में पोस्टमार्टम तक नहीं कराया जाता है. मौत का कोई और कारण बता दिया जाता है. अब ये खूनी सरकार हो गई है. कितने गरीबों की मौत ये सरकार देखना चाहती है, कहना मुश्किल है.

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भूख से मौत के साथ-साथ किसानों ने भी आत्महत्याएं की. विपक्ष ने इसको लेकर विरोध- प्रदर्शन भी किया, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगा. राजधानी तक में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. लोग अब भूख के साथ-साथ पानी के लिए भी मरेंगे. ऐसी स्थिति में सीएम को कुर्सी छोड़ देनी चाहिए.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours