जमशेदपुर में सीएम रघुवर दास ने कहा कि खूंटी में अभी आंशिक सफलता मिली है, पूर्ण सफलता मिलना बाकी है. जब तक वहां कानून का राज स्थापित नहीं हो जाता, तबतक हमारे पुलिस के जवान वहां तैनात रहेंगे.

सीएम ने पत्थलगड़ी नेता यूसुफ पूर्ति पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद यूनियन बैंक में अकाउंट खोलने वाला और शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन करने वाला भोले-भाले आदिवासियों को बरगलाने का काम कर रहा है. सूबे में अब इस तरह की राजनीति नहीं चलेगी.

बता दें कि दो दिनों की दिन-रात की मशक्कत के बाद प्रशासन ने खूंटी में अगवा हुए जवानों को बरामद कर लिया. पुलिस की दबिश के चलते पत्थलगड़ी समर्थक इन्हें सैको थाना के पास छोड़ गये. इसके बाद जवान सैको थाना पहुंचे. जवानों की रिहाई के लिए सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस की टीम ने पत्थलगड़ी नेता यूसुफ पूर्ति के गांव उदबुरू में छापेमारी की. इस दौरान उसके घर को खंगालने पर बैंक का पासबुक और शिक्षकभर्ती आवेदन बरामद हुए थे.

गौरतलब है कि बीते मंगलवार को खूंटी के अनिगड़ा गांव स्थित बीजेपी सांसद करिया मुंडा के घर से तीन जवानों को पत्थलगड़ी समर्थकों ने अगवा कर लिया था. इसके बाद यूसुफ पूर्ति ने जवानों की रिहाई के लिए पत्थलगड़ी पर ग्रामसभा में बहस की शर्त रखी थी. जिले में पत्थलगड़ी आंदोलन का अगुवा उसे ही माना जाता है. पिछले कई महीने से खूंटी में पत्थलगड़ी आंदोलन जारी है, जो प्रशासन के चुनौती बना हुआ है. लेकिन पिछले दो दिनों की कार्रवाई के बाद इस आंदोलन को झटका जरूर लगा है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours