लातेहार सदर थाना क्षेत्र के डीही गांव में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने को लेकर बम बनाने के क्रम में विस्फोट होने से एक व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया. घायल व्यक्ति का नाम फकरूदीन खान है और फिलहाल सदर अस्पताल में इलाजरत है.
मिली जानकारी के अनुसार विस्फोट होने की सूचना मिलने के बाद लातेहार थाना इंस्पेक्टर कमलेश्वर पाण्डेय घटना स्थल पर पहुंचे. यहां उन्होंने विस्फोट में घायल हुए अपराधी को गिरफ्तार कर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया. साथ ही पुलिस उसपर निगरानी भी रख रही है. मालूम हो कि यह क्षेत्र अति नक्सल प्रभावित है. यहां अक्सर ही नक्सली घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं.
वैसे बम बनाने के क्रम में विस्फोट से घायल हुआ व्यक्ति कोई नक्सली है या अपराधी इसकी पहचान नहीं हो पाई है. बम बनाने के पीछे उसकी मंशा क्या थी यह भी साफ नहीं हो पाया है. पुलिस घटना की जांच में लगी हुई है.
पूरे मामले में लातेहार थाना इंस्पेक्टर कमलेश्वर पाण्डेय ने कहा कि सूचना मिली थी कि बम बनाने के दौरान फकरूदीन खान नाम का एक व्यक्ति जख्मी हो गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना स्थल से बम बनाने के बारूद और बम बनाने के उपकरण को बरामद कर लिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और जांच के बाद ही यह बता पाएगी की यह बम क्यों बनाया जा रहा था.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours