भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और रांची के युवराज कहे जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए झारखंड के सबसे बड़े टैक्स पेयर बने हैं. धोनी ने टैक्स के रूप में 12.17 करोड़ रुपये जमा करवाये हैं. वहीं संस्था के तौर पर सबसे अधिक सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने टैक्स अदा किया है.
रांची स्थित आयकर भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में प्रधान आयकर आयुक्त वी महालिंगम ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आयकर संग्रह के मामले में वित्तीय वर्ष 2017-18 में झारखंड का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है. 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा आयकर संग्रह किये गये हैं.
वी महालिंगम के मुताबिक, व्यक्तिगत आयकर संग्रह के मामले में भी राज्य ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया है. पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार 88 प्रतिशत वृद्धि दर्ज कराते हुए 2217 करोड़ रुपये संग्रह किये गये हैं. वहीं अगले वर्ष के लिए 2560 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने ऐलान किया कि इस वर्ष व्यक्तिगत आयकर दाताओं में रांची के युवराज महेंद्र सिंह धोनी 12.17 करोड़ रुपये देकर शीर्ष पर हैं. वहीं संस्थागत आयकर दाताओं में सीसीएल नम्बर वन पर रहा.
वहीं निर्धारित समय सीमा के अंदर आयकर रिटर्न दाखिल नहीं करने वालों पर इस बार काफी सख्त बरती जा रही है. 31 जुलाई तक आयकर रिटर्न दाखिल नहीं करने की स्थिति में एेसे आयकर दाताओं को पांच हजार फाइन देकर 31 दिसम्बर तक आयकर जमा कराने होंगे. वहीं 31 दिसम्बर के बाद जमा कराने वालों को 10 हजार रुपये का जुर्माना भरना होगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours