सरायकेला जिले के आदित्युपर में भाजयुमो में कई दिनों से चल रही गुटबाजी उभरकर सामने आ गई. इसी क्रम में मोर्चा के 22 पदाधिकारियों ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इसमें प्रदेश स्तर से एक, जिलास्तर से तीन और आरआईटी मंडल अध्यक्ष समेत 18 लोग शामिल हैं. प्रदेश में भाजयुमो प्रदेश कार्यक्रम समन्वयक सतीश शर्मा, जिला भाजयुमो से कार्यसमिति सदस्य मोहन झा, करण महतो तथा संजीव कुमार सिंह शामिल हैं.
वहीं आरआईटी मंडल में अध्यक्ष अमित सिंह, महामंत्री सत्यजीत साहु, अभिलाष मिश्रा, उपाध्यक्ष अंजनेय पराशर, दीपक महतो, अभिषेक भारद्वाज, मंत्री छोटू कुमार, रहीश कुमार, शिशिर महतो, मिडिया प्रभारी विनय कंचन समेत कोषाध्यक्ष व कार्यसमिति के सदस्य शामिल हैं. सभी पदाधिकारियों ने अपना इस्तीफा जिला अध्यक्ष को न भेजकर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह को भेज दिया है. वहीं इस्तीफे की खबर सोशल मीडिया पर इन पदाधिकारियों ने अपलोड कर दिया है. इन लोगों ने इस्तीफे के पीछे संगठन के लिए समय नहीं देने तथा दूसरों को मौका देने की बात बताई है.
हालांकि सूत्रों की माने तो महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष को हटाने और आरआईटी मंडल अध्यक्ष के रूप में मनोज तिवारी का मनोनयन इन लोगों को रास नहीं आया है. ये सभी पदाधिकारी सतीश शर्मा गुट के हैं. वहीं मामले को लेकर कोल्हान सह प्रभारी विनोद श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है. उन्होंने कहा कि यह संगठन का आंतरिक मामला है. इसपर वार्ता कर सुलह कर लिया जाएगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours